बैतूल , जून 15 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के पाथाखेड़ा क्षेत्र में बस स्टैंड के पास हुई तलवारबाजी और जानलेवा हमले की घटना के बाद पुलिस ने गिरफ्तार पांच आरोपियों का सार्वजनिक जुलूस निकालकर कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना और असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना है।
पुलिस के अनुसार रविवार शाम लगभग छह बजे पाथाखेड़ा पुलिस चौकी से आरोपियों का जुलूस निकाला गया। यह जुलूस अस्पताल कॉलोनी, मस्जिद चौक और बस स्टैंड सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः चौकी पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मार्गों पर मौजूद रहे। क्षेत्र में हाल ही में हुई तलवारबाजी और गैंगवार जैसी घटना के बाद लोगों में भय का माहौल बना हुआ था, जिसके चलते पुलिस की इस कार्रवाई को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 11 जून की रात पाथाखेड़ा बस स्टैंड क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते विशाल पवार और उसके साथियों पर जानलेवा हमला किया गया था। आरोप है कि हमलावरों ने तलवार से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं तथा उनकी आंखों में मिर्च पाउडर भी फेंका। बाद में कुछ अन्य लोगों के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था और स्थानीय लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों ने भी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सात आरोपियों की पहचान की और सभी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया। अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, दो तलवार, एक छुरा और एक डंडा जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजकमल गिरी, विक्की उर्फ मामू चौहान, विकास उर्फ बुद्धु साहू, बंटी उर्फ मान्या चौहान तथा सागर सूर्यवंशी शामिल हैं।
पाथाखेड़ा चौकी प्रभारी मनोज उईके ने बताया कि बस स्टैंड हमले में कुल सात आरोपी शामिल पाए गए हैं, जिनमें से पांच को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने और कानून का सम्मान बनाए रखने के उद्देश्य से आरोपियों का जुलूस निकाला गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित