अलवर , मई 22 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी की पॉश आशियाना तरंग सोसायटी में महिला और मासूम बच्चे को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर की गई सनसनीखेज लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि जांच में पता चला कि आरोपी पहले कई बार फ्लैट पर आ चुका था, इसलिए उसे सोसायटी के सीसीटीवी, प्रवेश प्रणाली और परिवार की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। वारदात वाले दिन आरोपी ने पति के ड्यूटी पर निकलते ही फ्लैट में घुसकर महिला और बच्चे को चाकू दिखाकर बंधक बना लिया और करीब 70 हजार रुपये, सोने के कड़े, मोबाइल एवं दस्तावेज लूट लिए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए अपराध आधारित सीरियल और फिल्मों से तरीके सीखे थे। उसने छाता, मास्क, चश्मा और ढीले कपड़ों से अपनी पहचान छुपाई। इतना ही नहीं, वारदात के बाद मोबाइल बस में फेंक दिया ताकि पुलिस गलत दिशा में भटक जाए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शेयर मार्केट में करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान और नौकरी को लेकर चल रहे विवाद के कारण उसने यह साजिश रची।
भिवाड़ी पुलिस ने राजस्थान, हरियाणा, यूपी, बिहार, मध्यप्रदेश और तमिलनाडु तक के 40 से ज्यादा संदिग्धों की जांच करके करीब 600 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। आखिरकार आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया और 58 हजार रुपये बरामद कर लिए गए। पुलिस ने आरोपी की पहचान का फिलहाल खुलासा नहीं किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित