श्रीनगर , मई 16 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शनिवार को प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी (जेईआई) के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज मामले के सिलसिले में सोपोर उप-जिले में 15 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया।

पुलिस ने बताया कि यह तलाशी सोपोर पुलिस थाना में 2025 में यूएपीए अधिनियम की धारा 10 और 13 के तहत दर्ज प्राथमिकी के संबंध में की गयी है। तलाशी अभियान सोपोर के जामिया कदीम, नसीम बाग, क्रांकशिवन, तारजू, अमरगढ़, वारपोरा, बोमाई, बोइटिंगू और अन्य इलाकों सहित 15 से अधिक जगहों पर चलाया गया।

पुलिस ने बताया कि ये तलाशी नामित यूएपीए अदालत से उचित तलाश वारंट प्राप्त करने के बाद की गयी और कार्यकारी मजिस्ट्रेटों तथा स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में उचित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार पूरी की गयी। उन्होंने कहा, "तलाशी अभियान के दौरान, प्रतिबंधित संगठन से जुड़ा साहित्य सहित आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गयी और आगे की जांच तथा परीक्षण के लिए हिरासत में ले ली गयी।"उन्होंने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई सोपोर पुलिस के उन लगातार प्रयासों का हिस्सा है, जिनका उद्देश्य प्रतिबंधित संगठनों और राष्ट्र-विरोधी नेटवर्क से जुड़ी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की पहचान करना और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित