हरिद्वार , अक्टूबर 18 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस ने रविवार को चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने मामले में दविंदर (25) निवासी जिला सांबा, जम्मू-कश्मीर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से खर्च होने के बाद बची 1.20 लाख रुपये की नगदी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार श्रवणनाथ नगर निवासी वरिष्ठ पत्रकार गोपाल रावत ने सात अक्टूबर को घर से चार लाख रुपये चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में कोतवाली नगर हरिद्वार में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 18 अक्टूबर को दविंदर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह हीरोइन और स्मैक के नशे का आदी है तथा नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी करता है। पुलिस के मुताबिक चोरी की रकम मिलने के बाद वह दिल्ली और हिमाचल प्रदेश गया, जहां उसने रुपये खर्च किए।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.20 लाख रुपये बरामद किए हैं। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित