हरिद्वार/रुड़की , फरवरी 15 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में सिंचाई विभाग कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई चोरी के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा करते हुए आरोपी को चोरी के जेवरात के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही दिनों में आरोपी तक पहुंचकर चोरी के सामान की बरामदगी कर ली।

जानकारी के अनुसार छह फरवरी को दिन के समय अज्ञात चोर ने सिंचाई विभाग कॉलोनी स्थित एक मकान में घुसकर अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। इस संबंध में पीड़ित डोडी चौहान की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने भौतिक साक्ष्य जुटाते हुए संदिग्धों पर निगरानी बढ़ाई।

पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से नगर क्षेत्र से 27 वर्षीय शुभम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल की और उसके कब्जे से मांग टीका, चेन, पेंडल और नथ समेत कई जेवरात बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और इसी लत को पूरा करने के लिए उसने दिनदहाड़े घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित