पंचकूला , अगस्त 05 -- हरियाणा में पंचकूला पुलिस ने चंडीगढ़ से उत्तराखंड ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उसके कब्जे से अंग्रेजी शराब की 25 पेटियां और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक पिकअप वाहन बरामद किया है। अदालत ने आरोपी को पूछताछ के लिए तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार पुलिस आयुक्त पंकज नैन के निर्देश पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच-1 की टीम को सूचना मिली थी कि एक महिंद्रा पिकअप वाहन में चंडीगढ़ से अवैध शराब भरकर उत्तराखंड ले जाई जा रही है।

सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने सेक्टर-23 और 24 के बीच पुराने डंपिंग ग्राउंड के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। वाहन चालक की पहचान अनुराग उर्फ नीला (21) निवासी हरिद्वार, उत्तराखंड के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान पिकअप में काली तिरपाल के नीचे छिपाकर रखी गई इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की 25 पेटियां बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में चंडीमंदिर थाना में हरियाणा आबकारी (संशोधन) अधिनियम की धारा 61(1)(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी, इसे उत्तराखंड में किसे पहुंचाया जाना था और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।

पुलिस का मानना है कि पूछताछ में अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिलने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित