गौतमबुद्धनगर , जून 09 -- उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्धनगर पुलिस ने दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और उनके अधिकारों की प्रभावी रक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से "ऑपरेशन अपराजेय" नामक विशेष कार्ययोजना शुरू की है।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने कार्य योजना की मंगलवार को जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस अभियान के तहत कमिश्नरेट क्षेत्र के प्रत्येक थाने में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से दिव्यांग बच्चों का विस्तृत विवरण तैयार किया जाएगा। इसमें बच्चों के नाम, उनके माता-पिता अथवा अभिभावकों की जानकारी और पता सहित आवश्यक रिकॉर्ड को पूर्ण गोपनीयता के साथ सुरक्षित रखा जाएगा।

पुलिस की महिला बीट अधिकारियों को इस अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी ड्यूटी सूची में यह कार्य शामिल किया गया है कि वे प्रत्येक 15 दिन में दिव्यांग बच्चों, उनके अभिभावकों तथा देखभाल करने वाले केयर टेकर से संपर्क कर उनकी कुशलक्षेम की जानकारी लेंगी। इसके साथ ही बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और देखभाल से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित