नोएडा , सितंबर 13 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-113 थाना पुलिस ने फ्लैट और मकानों में चोरी करने वाले एक अंतर्जनपदीय शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की पीली धातु एवं सफेद धातु की ज्वैलरी, 8910 रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक लोहे का सरिया बरामद किया है।
अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर एनसीआर क्षेत्र के सेक्टरों और सोसाइटी में बंद मकानों की रेकी करता था और मौका पाकर ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
गत शनिवार को सेक्टर-113 थाना पुलिस टीम को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के माध्यम से एक शातिर चोर के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सर्फाबाद मुखिया मार्केट के सामने कच्चे रास्ते के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र (35) , निवासी ग्राम अनवरपुर, थाना पिलखुआ, जनपद हापुड़, वर्तमान पता न्यू कोंडली, थाना न्यू अशोक नगर, पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित