नोएडा , अक्टूबर 15 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा जोन सूरजपुर थाना पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र सूरजपुर साइट-बी स्थित आईनोट्रोनिक्स कंपनी में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब तीन करोड़ रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद सामान में पेटीएम की 3,172 पीओएस मशीनें, एयरटेल कंपनी के 147 सेटअप बॉक्स, बारकोड प्रिंटर, क्यूआर कोड स्कैनर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल छोटा लोडर वाहन और तीन अवैध चाकू भी बरामद किए हैं।
सेंट्रल नोएडा अपर पुलिस उपायुक्त श्री स्वतंत्र कुमार सिंह ने आज संवादाताओं को बताया कि,आरोपियों की गिरफ्तारी बुधवार सूरजपुर थाना क्षेत्र में न्यू दादरी जंक्शन के पास जंगल से की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल पुत्र मोहम्मद अकरम, सलमान पुत्र गफ्फार और आदिल पुत्र फराहिम के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दिल्ली नंबर के छोटे लोडर वाहन (डीएल 1एल एएच 6924) में रखा चोरी का सामान बरामद किया। इस मामले में सूरजपुर थाने में मुकदमा संख्या 578/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत दर्ज है।
आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गत नौ और 10 अक्टूबर की मध्यरात्रि में कंपनी में घुसकर चोरी की थी। आरोपी कंपनी में रखी पेटीएम ट्रांजेक्शन मशीनें, प्रिंटर मशीनें, सेटअप बॉक्स और अन्य सामान छोटे लोडर वाहन में भरकर ले गए थे। घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। गिरफ्तारी के दौरान चोरी का सामान वाहन से बरामद होने के बाद मामले का खुलासा हुआ।
बरामदगी में 1,512 पीओएस पेटीएम ट्रांजेक्शन प्रिंटर मशीनें, 1,660 मोबाइल टाइप पीओएस पेटीएम ट्रांजेक्शन मशीनें और एयरटेल कंपनी के अलग-अलग आकार के 147 सेटअप बॉक्स शामिल हैं। इसके अलावा एक बारकोड प्रिंटर, दो क्यूआर कोड स्कैनर मशीनें, दो रोल शोल्डर वायर, 10 मदरबोर्ड और तीन अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस ने चोरी के सामान की अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई है।
पुलिस की जांच में गिरफ्तार आरोपी आदिल का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ सूरजपुर के अलावा अलीगढ़ जिले के बन्ना देवी, खैर और सासनी गेट थानों में चोरी समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है। वहीं, बिलाल और सलमान के खिलाफ सूरजपुर थाने में चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।
इस वारदात में गिरफ्तार तीनों आरोपियों के अलावा अन्य लोग भी शामिल थे। उनके साथियों की गिरफ्तारी के लिए सूरजपुर थाना पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में बरामद सामान की जांच और अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाने की कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित