नैनीताल , सितंबर 21 -- उत्तराखंड की नैनीताल पुलिस ने चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा कर उसके एक सदस्य को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा0 मंजूनाथ टीसी ने सोमवार को इस मामले का खुलासा करते हुए कहा कि विगत 31 अगस्त को हल्द्वानी के गोविंद पुर गढ़वाल स्थित लालपुर नायक निवासी नवीन पनेरु ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि 27 से 30 अगस्त के बीच अज्ञात चोर उसके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुरा ले गए।

कोतवाली मुखानी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित टीम ने सबसे पहले घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। पुलिस को काफी महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तारिक फहीम (45) निवासी ग्राम अकरौली, थाना बनियाठेर, जिला संभल, उत्तर प्रदेश को आज ग्रिनवुड ग्लोबल स्कूल के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद हुए।

पूछताछ में तारिक फहीम ने बताया कि उसने अपने साथियों कदीर और जफर निवासी ग्राम अकरौली, संभल के साथ मिलकर रक्षाबंधन की रात इस घटना को अंजाम दिया। तीनों ने चोरी के माल को आपस में बांट लिया था। आरोपी अपने हिस्से के आभूषण बेचने के लिए हल्द्वानी आया था। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मामले में धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है।

जांच में सामने आया कि यह गैंग कर्नाटक के उडुपी, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद, उत्तर प्रदेश के बनियाठेर तथा उत्तराखंड के मुखानी, नैनीताल में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। गैंग के अन्य दो सदस्य कदीर और जफर को हाल ही में कर्नाटक पुलिस ने एक अन्य आपराधिक मामले में गिरफ्तार किया है। इन दोनों के बारे में संबंधित पुलिस से जानकारी जुटाई जा रही है।

एसएसपी ने पुलिस टीम नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित