भागलपुर, अगस्त 28 -- िहार सरकार के निर्देशानुसार रक्षाबंधन के अवसर पर भागलपुर जिले में महिलाओं, बच्चियों एवं छात्राओं को सुरक्षित वातावरण मुहैय्या कराने के लिए नवगठित "पुलिस दीदी" की विभिन्न टीमों को शुक्रवार को अलग-अलग क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव एवं नगर पुलिस अधीक्षक अमितेश झा ने शुक्रवार को यहां 25 पिंक रंग की स्कूटी के साथ "पुलिस दीदी " की विभिन्न टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री यादव ने बताया कि रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व के अवसर पर जिले में "पुलिस दीदी " टीम की शुरुआत महिलाओं एवं पुलिस के बीच विश्वास, सुरक्षा और आत्यमिताके मजबूत संबंध का प्रतीक है। इस पहल के जरिए यह संदेश दिया गया है कि महिलाओं, बच्चियों और छात्राओं की सुरक्षा के लिए भागलपुर पुलिस हर समय तत्पर एवं प्रतिवद् है।उन्होंने बताया कि वर्तमान में "पुलिस दीदी"टीम के लिए 25 पिंक स्कूटी उपलब्ध कराई गई है। इसके आलावे अन्य दो पहिया गाड़ी भी है और इसके जरिए पुलिस दीदी की टीमें भागलपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभारी गश्ती सुनिश्चित की जाएगी। इन गाड़ियों की सहायता से टीम ऐसे क्षेत्रों की विशेष निगरानी रखेगी, जहां पर बड़ी संख्या में महिलाएं और छात्राएं आवागमन करती है।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भागलपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अवस्थित स्कूल- काॅलेज, कोचिंग एवं अन्य शैक्षणिक संस्थान के आसपास उक्त टीम द्वारा आज से नियमित गश्ती के साथ साथ अपने कार्यस्थल पर आने -जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी आरंभ की गई है।
श्री यादव ने बताया कि "पुलिस दीदी" की अलग -अलग टीम भागलपुर शहर के मुख्य बाजार, बस पड़ाव, शाॅपिग क्षेत्र और अन्य सार्वजनिक स्थल पर महिला सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के अलावे महिलाओं एवं छात्राओं की आवाजाही वाले संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग करेगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस टीम का उद्देश्य केवल गश्ती एवं निगरानी तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि महिलाओं एवं छात्राओं को उनकी सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही टीम द्वारा महिलाओं एवं छात्राओं के साथ संवाद स्थापित कर पुलिस की विभिन्न सेवाओं और सहायता माध्यमों के बारे में जानकारी दी जाएगी।उन्होंने बताया कि आने वाले समय में "पुलिस दीदी" टीम की संख्या एवं उपलब्ध संसाधनों में और वृद्धि किये जाने की योजना है। जिससे जिले के अधिक से अधिक क्षेत्रों में महिला सुरक्षा व्यवस्था (पुलिस दीदी) को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके। जिसमें मुख्य रुप से कहलगांव, पीरपैंती एवं सुल्तानगंज क्षेत्र शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित