गोपालगंज, सितंबर 01 -- िहार सरकार की महिला सुरक्षा के प्रति महत्वपूर्ण पहल के तहत गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने मंगलवार को जिले में "पुलिस दीदी" अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के तहत छात्राओं एवं कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अभियान अंतर्गत पुलिस दीदी की टीम द्वारा जिले के विभिन्न स्कूल, महाविद्यालय, कोचिंग सेंटर, शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों (हॉस्टलों) के आसपास नियमित रूप से गश्ती और निगरानी की जा रही है।

इस अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों द्वारा विशेष रूप से उन स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है, जहां छात्राओं एवं महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है। गश्ती के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

अभियान के दौरान पुलिस टीम द्वारा छात्राओं एवं कामकाजी महिलाओं से संवाद स्थापित कर उनकी सुरक्षा से संबंधित समस्याओं, असुविधाओं एवं सुझावों की जानकारी भी ली जा रही है। छात्राओं को किसी भी प्रकार की समस्या, छेड़खानी, पीछा किए जाने, धमकी अथवा अन्य असामाजिक गतिविधि की स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

गोपालगंज पुलिस ने जिले की छात्राओं एवं महिलाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा असुरक्षा की स्थिति में घबराएं नहीं और तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित