शाहजहांपुर , अगस्त 19 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना निगोही क्षेत्र में गैर जमानती वारंट की तामील कराने पहुंची पुलिस की दबिश के दौरान 62 वर्षीय सर्राफा कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने पुलिसकर्मियों पर पति को छत से धक्का देकर नीचे गिराने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बुधवार को बताया कि निगोही थाना क्षेत्र के गांधी नगर निवासी उमेश चंद्र गुप्ता (62) के खिलाफ लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र में हुई ज्वैलरी चोरी के एक मामले में अदालत से गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। वारंट की तामील के लिए मलिहाबाद पुलिस निगोही पुलिस के साथ बुधवार तड़के करीब ढाई बजे उनके घर पहुंची थी। निगोही पुलिस ने मलीहाबाद पुलिस को उमेश चन्द्र गुप्ता का मकान बता दिया उसके बाद मलीहाबाद पुलिस घर के अंदर चली गई लेकिन आरोपी घर पर नहीं मिला था।आज सुबह आरोपी का शव उसके भाई के निर्माणाधीन घर से बरामद हुआ है।

मलिहाबाद थाने के प्रभारी सुरेंद्र भाटी ने बताया कि उनके यहां 2025 में एक चोरी हुई थी जिसमें आरोपी पकड़े गए थे तो उन्होंने बताया कि 30 किलो चांदी शाहजहांपुर में उमेश गुप्ता के यहां बेची है जिसके बाद इनका न्यायालय से 8 मई को वारंट लिया गया बाद में अपने बचाव में उमेश गुप्ता इलाहाबाद हाईकोर्ट चले गए वहां से इनको कोई राहत नहीं मिली। इसी मामले में हमारी पुलिस निगोही पुलिस के साथ उनके घर पर दविश देने गई थी परंतु आरोपी नहीं मिला तो पुलिस वापस लौट आई।

मृतक उमेश गुप्ता की पत्नी शांति देवी ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके पति को छत से धक्का दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित