बैतूल , फरवरी 27 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में अपनी 10 वर्षीय नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार पिता ने पुलिस थाने के लॉकअप में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। उसे बैतूल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सूत्रों के अनुसार 26 फरवरी को यह मामला तब सामने आया था, जब आरोपी ने अपनी बेटी को कमरे में बंद कर रखा था। बच्ची की मां ने पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। पीड़िता ने अपने पिता पर लंबे समय से दुष्कर्म करने, डराने-धमकाने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए है।

इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने के लॉकअप में रखा गया था, जहां आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी को तत्काल नीचे उतारा और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत गंभीर होने के चलते उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है।

अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार फंदा लगने से आरोपी को सांस लेने में गंभीर परेशानी हुई, जिसके चलते उसे वेंटिलेटर सपोर्ट दिया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक कमला जोशी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी ने लॉकअप में आत्महत्या का प्रयास किया है और उसका उपचार जारी है। मामले की जांच की जा रही है। जिला अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित