भीलवाड़ा , अगस्त 06 -- राजस्थान भीलवाड़ा के सदर थाने के थाना प्रभारी लोकपाल सिंह को गुरुवार को भीलवाड़ा पुलिस लाइन में पूरे राजकीय सम्मान और नम आंखों के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।

पुलिस महकमे के लिए यह क्षण बेहद भावुक रहा। साथी पुलिसकर्मियों, अधिकारियों और परिजनों की आंखें नम थीं।

लोकपाल सिंह का बुधवार सुबह उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। मंगलवार शाम वह नेहरू विहार स्थित अपने सरकारी आवास पर ड्यूटी के लिए वर्दी पहन रहे थे। इसी दौरान उनकी सर्विस रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गयी। गोली उनकी कनपटी में लगी और सिर को आर-पार करती हुई निकल गयी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ग्रीन कॉरिडोर बनाकर कर उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन बुधवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद लोकपाल सिंह का पार्थिव शरीर भीलवाड़ा लाया गया। पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गयी। पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।

इस दौरान जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी, जवान और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने पुष्प अर्पित कर अपने साथी अधिकारी को अंतिम विदाई दी।

लोकपाल सिंह अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और शांत स्वभाव के लिए पुलिस महकमे में सम्मानित अधिकारी माने जाते थे। उनकी आकस्मिक मौत से न केवल भीलवाड़ा पुलिस बल्कि पूरे जिले में शोक की लहर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित