देहरादून , अक्टूबर 25 -- उत्तराखंड में जनपद देहरादून के विभिन्न थाना क्षेत्रों में निवासरत बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का रविवार को पुलिस ने सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान 1900 से अधिक किराएदार व बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया।

किरायेदारों , घरेलू नौकरों का सत्यापन न कराने व अन्य अनियमितता मिलने पर 108 भवन स्वामियों के विरूद्ध पुलिस अधिनियम के अन्तर्गत कार्यवाही करते हुए उनका 10 लाख 80 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। जबकि संदिग्ध रूप से घूम रहे 25 व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है, जिनसे आवश्यक पूछताछ की जा रही है। 81 पुलिस एक्ट में 15 व्यक्तियों का चालान कर 6500/- रुपये का जुर्माना किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रवेंद्र डोभाल ने बताया कि सभी अधीनस्थों को अपने-अपने क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अभियुक्तों एवं क्षेत्र में निवास कर रहे संदिग्धों/बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन तथा नियमों का पालन न करने वालों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही किये जाने के लिए निर्देशित किया गया है। जिस क्रम में थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्रान्तर्गत नई बस्ती, सी ब्लॉक, सुमन नगर, धोबी चौक, ऑफीसर्स कॉलोनी में सत्यापन किया गया। इसी तरह थाना सेलाकुई क्षेत्रान्तर्गत शिवनगर बस्ती, पीठ वाली गली आदि क्षेत्रों एवं थाना सहसपुर क्षेत्रान्तर्गत रामपुर, शंकरपुर, चोई बस्ती में बाहरी व्यक्तियों तथा किरायेदारों और आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े व्यक्तियों के सत्यापन का अभियान चलाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित