बुरहानपुर , अगस्त 27 -- मध्यप्रदेश में बुरहानपुर जिले के नेपानगर में पुलिस चेकिंग देखकर कार छोड़कर फरार हुए चार आरोपियों में से दो को पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चारों आरोपी क्षेत्र में लूट और नकबजनी की नीयत से आए थे, लेकिन चेकिंग के कारण वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
घटना 20 अगस्त की मनोज टॉकीज क्षेत्र की है। पुलिस वहां चेकिंग कर रही थी, तभी आर्टिका कार में सवार चार लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार जब्त कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
नेपानगर थाना प्रभारी शाहबुद्दीन कुरैशी ने बताया कि जांच के दौरान कुछ संदिग्धों की जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने इरफान शेख पिता इब्राहिम शेख निवासी सिकंदराबाद कॉलोनी, सदर बाजार, इंदौर और वसीम पिता अकील खान निवासी खजराना, इंदौर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के नाम सोहैल निवासी खजराना और भय्यू निवासी महू बताए हैं। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित