चंडीगढ़ , अगस्त 29 -- चंडीगढ़ मे आधा किलो हेरोइन बरामदगी के मामले में गिरफ्तार आरोपी दीपक थापा देर रात पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। खन्ना सीआईए की टीम उसे पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ और नशीले पदार्थ की रिकवरी के लिए सेक्टर-38 वेस्ट स्थित उसके घर लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और घर के पीछे की खिड़की से निकलकर फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने शहर में अलर्ट जारी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। मलोया थाना पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच, जिला क्राइम सेल और ऑपरेशन सेल की टीमें तलाश में जुटी हैं। खन्ना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी सूचना मिलने पर चंडीगढ़ पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े सात बजे दीपक थापा के घर पर जांच चल रही थी। इसी दौरान वह अचानक पुलिसकर्मियों को धक्का देकर पीछे की खिड़की से बाहर निकला और फरार हो गया।
खन्ना सीआईए ने 26 अगस्त की देर रात दीपक थापा को सेक्टर-38 स्थित शराब के ठेके के पास से गिरफ्तार किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित