बुलंदशहर , मई 03 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित एक उपनिरीक्षक (एसएसआई) का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बन गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सिकंदराबाद कोतवाली में तैनात रहे एसएसआई अरुण कुमार को कथित रिश्वतखोरी के आरोप में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी द्वारा हाल ही में निलंबित किया गया था।
इसी बीच, अरुण कुमार का एक पुराना वीडियो सामने आया है, जिसमें वह एक फारसी गाने पर 'डकैत' शैली में नृत्य करते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
सूत्रों का कहना है कि निलंबित एसएसआई अरुण कुमार को रील बनाने का शौक बताया जाता है और उनका यह वीडियो भी उसी क्रम का बताया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि जनपद में हाल ही में भ्रष्टाचार के एक मामले में थाना प्रभारी (एसएचओ), एसएसआई समेत कुल छह पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी, जिसमें अरुण कुमार भी शामिल हैं।
फिलहाल, वायरल वीडियो को लेकर विभागीय स्तर पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित