देवास , जून 25 -- मध्यप्रदेश के देवास जिले में कोतवाली थाना पुलिस के कुछ जवानों द्वारा एक युवक के साथ कथित मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राधागंज निवासी राजू परमार को किसी मामले में पूछताछ अथवा कार्रवाई के लिए पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचे थे। इसी दौरान युवक के साथ कथित मारपीट किए जाने का वीडियो आसपास के लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी युवक को पकड़कर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। मामले को लेकर युवक के समाजजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और घटना की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वीडियो की सत्यता और घटना के परिस्थितिजन्य तथ्यों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित