नयी दिल्ली, 01अगस्त (वार्ता) नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं और दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू ) के छात्रों ने शनिवार को छात्रों के खिलाफ कथित पुलिसिया कार्रवाई और दुर्व्यवहार के विरोध में विश्वविद्यालय परिसर में मार्च निकाला।
यह मार्च आर्ट्स फैकल्टी के गेट नंबर-4 से शुरू हुआ, जिसमें प्रदर्शनकारियों ने "नरेंद्र मोदी माफी मांगो" और "योगेश सिंह शर्म करो" जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण विरोध करने वाले विद्यार्थियों को पुलिस के जरिए डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह से छात्रों के साथ हुए कथित व्यवहार पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रवि पांडे ने कहा कि विश्वविद्यालय लोकतांत्रिक संवाद और असहमति की अभिव्यक्ति का मंच है, न कि छात्रों को भयभीत करने का स्थान। उन्होंने कहा कि कुलपति को पूरे मामले की जिम्मेदारी लेते हुए छात्रों से माफी मांगनी चाहिए। पांडे ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन छात्र अपने लोकतांत्रिक अधिकारों से पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने कहा कि एनएसयूआई छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना लोकतांत्रिक संघर्ष आगे भी जारी रखेगी और किसी भी छात्र के साथ कथित अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़ी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित