भीलवाड़ा , मार्च 05 -- राजस्थान में|भीलवाड़ा में दो दिनों तक आम जनता द्वारा हर्षोल्लास के साथ होली खेलने के बाद, गुरुवार को 'खाकी' के आंगन में खुशियों के रंग बरसे।
पुलिस लाइन में आयोजित होली मिलन समारोह में जिले के आला अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर न केवल रंग-गुलाल उड़ाया, बल्कि होली के गीतों पर जमकर थिरके भी।
पुलिस लाइन के मैदान में नजारा आम दिनों से बिल्कुल जुदा था। अनुशासन के घेरे में रहने वाले पुलिसकर्मी पूरी तरह मस्ती के मूड में नजर आये। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू और पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव खुद इस जश्न का हिस्सा बनने पहुंचे। दोनों ही अधिकारियों ने पुलिस के जवानों और अधिकारियों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
होली के इस जश्न में उस समय उत्साह दोगुना हो गया जब फिल्मी और राजस्थानी होली गीतों की धुन बजी। श्री संधू और श्री यादव ने पुलिसकर्मियों के साथ कदम से कदम मिलाकर जमकर नृत्य किया। उन्हें अपने बीच पाकर पुलिसकर्मियों का उत्साह सातवें आसमान पर था। पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ-साथ महिला पुलिसकर्मियों ने भी ढोल की थाप और डीजे की धुन पर होली का लुत्फ उठाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित