ग्रेटर नोएडा , जून 21 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक विधायक की सुरक्षा में चल रही पुलिस एस्कॉर्ट वाहन और एक ट्रक की टक्कर में पुलिस विभाग के हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह यादव की मृत्यु हो गई जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर एयरपोर्ट इंटरचेंज के निकट पुलिस एस्कॉर्ट में शामिल बोलेरो वाहन और हाईवा ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही जेवर थाना पुलिस एवं वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

हादसे में घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह यादव, पुलिस लाइंस मथुरा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल पुलिसकर्मी मुख्य आरक्षी सुल्तान सिंह को सामान्य चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद पुलिस ने हाईवा वाहन को कब्जे में ले लिया है तथा उसके चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके पर कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस द्वारा दुर्घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

इस हादसे से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। ड्यूटी के दौरान शहीद हुए हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह यादव के निधन पर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित