ग्रेटर नोएडा , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में दादरी थाना पुलिस और ग्रेटर नोएडा एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में चैन छीनने और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को कांबिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आज बताया कि कल देर रात घोड़ी बछेड़ा से हजरतपुर नहर बंबा के पास जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक तेज गति से भगाकर फरार होने लगे। पीछा करने पर कुछ दूरी पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद आरोपियों ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश आलम पुत्र नबीदाद (21), निवासी मोहल्ला रामनगर, गुलावठी, बुलंदशहर के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं कांबिंग के दौरान उसके दो साथी सद्दाम पुत्र नज्जू (20) और जिसान पुत्र नौसाद (20), दोनों निवासी रामनगर, गुलावठी, बुलंदशहर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीनी गई पीली धातु का एक लोकेट, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, दो अवैध चाकू, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल , चोरी की चार जोड़ी सफेद धातु की बिछिया, दो सफेद धातु के सिक्के तथा चोरी के माल को बेचकर प्राप्त 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि उन्होंने 23 जुलाई को दादरी क्षेत्र में एक महिला के गले से पीली धातु की चेन का लोकेट छीन था। इस मामले में दादरी थाना में बीएनएस के तहत पहले से मामला दर्ज है।
इसके अलावा आरोपियों ने करीब 15 दिन पहले म्यू-1 क्षेत्र के एक बंद मकान में चोरी की वारदात को भी कबूल किया। पुलिस ने उसी चोरी से संबंधित आभूषण और नकदी बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ दादरी थाना में पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। जो कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में पंजीकृत हैं। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार गैंग से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित