वाराणसी , जुलाई 11 -- आगामी श्रावण मास में होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर की जा रही व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

उन्होंने सड़क की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, शौचालय, चिकित्सा सहायता केंद्र, एंबुलेंस, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, विश्राम स्थलों तथा यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं और किसी प्रकार की कमी न रहने पाए।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पूरी तरह समतल एवं गड्ढामुक्त रहे। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी स्वयं मार्ग का निरीक्षण करें तथा जहां कहीं सड़क क्षतिग्रस्त हो या गड्ढे हों, उनकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। जलभराव वाले स्थानों का भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा खुले अथवा जर्जर विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा प्रभावी यातायात डायवर्जन योजना लागू की जाए, जिससे श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है तथा प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। अधिकारियों को यात्रा अवधि के दौरान लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित