बड़वानी , मार्च 05 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल ने पदभार ग्रहण करने के बाद सक्रियता दिखाते हुए प्रेस वार्ता, जिला पुलिस लाइन का निरीक्षण तथा जिला अभिभाषक संघ से मुलाकात कर कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने, अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता में शामिल बताया। मीडिया से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस और मीडिया के समन्वय से समाज में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में मदद मिलती है।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने जिला पुलिस लाइन का विस्तृत निरीक्षण किया। विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण, अनुशासन, स्वच्छता और संसाधनों की स्थिति की समीक्षा की। केंद्रीय पुलिस कैंटीन तथा दिशा पुलिस अध्ययन केंद्र का भी भ्रमण कर प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अध्ययनरत अभ्यर्थियों से चर्चा कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली और प्रशिक्षण वातावरण को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में उन्होंने जिला न्यायालय पहुंचकर जिला अभिभाषक संघ के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं से मुलाकात की। बैठक में न्यायिक प्रक्रिया में समन्वय, कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों तथा पुलिस-अधिवक्ता सहयोग को सुदृढ़ बनाने पर चर्चा हुई। उन्होंने पारदर्शी और जवाबदेह पुलिस व्यवस्था का आश्वासन दिया।

इससे पूर्व उन्होंने सेंधवा ग्रामीण एवं शहर थाना, बलसमूद चौकी, जुलवानिया, राजपुर तथा उप पुलिस अधीक्षक कार्यालय सेंधवा का आकस्मिक निरीक्षण किया। अभिलेख कक्ष, मालखाना, हवालात, अपराध एवं अपराधी नेटवर्क प्रणाली कक्ष तथा सीसीटीवी व्यवस्था की जांच कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। बलवा ड्रिल उपकरणों की कार्यशीलता परखी और रात्रि गश्त, बीट प्रणाली को मजबूत करने तथा महिला अपराध व नशे के विरुद्ध शून्य सहनशीलता अपनाने के निर्देश दिए। रमजान, होली एवं रंगपंचमी के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित