खम्मम , जुलाई 08 -- तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक सी. वी. आनंद ने पुलिस अधिकारियों को नशीले पदार्थों, साइबर अपराध, संगठित अपराध और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिये हैं।
श्री आनंद ने बुधवार को यहां अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और तकनीक-आधारित पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। अपराध के रुझानों की समीक्षा करते हुए उन्होंने पुलिस को रात की गश्त मजबूत करने, एसओपी का कड़ाई से पालन करने, सीसीटीएनएस डेटा का सटीक प्रबंधन सुनिश्चित करने और दीवानी एवं भूमि विवादों में हस्तक्षेप करने से बचने के निर्देश दिए।
उन्होंने गरीबों और असहायों के लिए न्याय पर जोर देते हुए रेत माफिया, मिट्टी माफिया और उपद्रवी तत्वों के खिलाफ भी कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा पार्क, एक सीसीटीवी कमांड सुविधा और नियंत्रण केंद्र से जुड़े 250 सीसीटीवी कैमरों का उद्घाटन किया। उन्होंने नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं से नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रिपोर्ट करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जल्द ही 'ईगल' की तर्ज पर एक यातायात प्रबंधन ब्यूरो स्थापित किया जायेगा। तकनीक-आधारित पुलिसिंग पर प्रकाश डालते हुए, उन्होंने सीसीटीएनएस 3.0, हॉक आई 3.0 और टीजी कॉप्स 3.0 के प्रभावी उपयोग का आह्वान किया।
खम्मम के पुलिस आयुक्त सुनील दत्त ने कहा कि वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में 30 प्रतिशत और नौकरी के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी में 36 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जून 2026 तक कुल 9.48 करोड़ रुपये से जुड़े 711 साइबर अपराध के मामले दर्ज किये गये, जिनमें से 1.41 करोड़ रुपये बरामद कर पीड़ितों को वापस कर दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना के मामले पिछले साल की इसी अवधि के 317 से घटकर 2026 में 146 रह गए हैं, जबकि पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत इस साल 1,700 किलोग्राम गांजा जब्त किया है।
पुलिस महानिदेशक ने अपराध रोकथाम रणनीतियों में कमियों की भी समीक्षा की और सुधारात्मक उपायों के सुझाव भी दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित