पंचकूला , जुलाई। 28 -- हरियाणा पुलिस ने नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से एफआईआर दर्ज कराने के नाम पर कथित तौर पर 30 हजार रुपये लेने के आरोप में स्वयं को पत्रकार बताने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुलिस अधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा कर पीड़ित परिवार को झांसे में लिया और मामले में मदद दिलाने के नाम पर रकम वसूली।

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता के अनुसार आरोपी सरफुद्दीन, निवासी गांव खानपुर घाटी, थाना पिनगवां और वर्तमान में नूंह निवासी, ने स्वयं को पत्रकार बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से गहरी पहचान और प्रभाव होने का दावा किया। उसने कथित तौर पर पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि वह अपनी पहुंच का इस्तेमाल कर उनके मामले में एफआईआर दर्ज करवा देगा।

प्रवक्ता के अनुसार आरोपी ने इस काम के बदले अलग-अलग अवसरों पर शिकायतकर्ता पक्ष से 30 हजार रुपये ले लिए। बाद में जब पीड़ित परिवार को उसकी बातों पर संदेह हुआ तो उन्होंने पूरे मामले की शिकायत हरियाणा पुलिस को दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित