भोपाल , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल में 46वें उप पुलिस अधीक्षक बैच के बुनियादी प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण में छह पुरुष और 11 महिला समेत 17 प्रशिक्षु अधिकारी शामिल हैं।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता पुलिस अकादमी के निदेशक एवं विशेष पुलिस महानिदेशक रवि कुमार गुप्ता ने की। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से अच्छा श्रोता बनने, मैदानी कार्य की समझ विकसित करने, कार्य प्रबंधन, प्रशासनिक निर्णय क्षमता, कानून-व्यवस्था प्रबंधन तथा वैज्ञानिक तरीके से अपराध अनुसंधान पर विशेष ध्यान देने को कहा।
श्री गुप्ता ने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जरूरतमंदों की सहायता को पुलिस सेवा का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बदलती परिस्थितियों के अनुरूप नवाचार और आधुनिक तकनीक अपनाकर प्रभावी एवं परिणामदायी पुलिसिंग करने पर भी जोर दिया।
प्रशिक्षण में पारंपरिक पुलिसिंग के आधारभूत ज्ञान के साथ आधुनिक, तकनीक आधारित और जन-केंद्रित पुलिसिंग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न नवीन विषय शामिल किए गए हैं। इनमें आधुनिक भारत एवं पुलिस व्यवस्था, भारतीय संविधान एवं मानव अधिकार, नीतिशास्त्र एवं नैतिकता, अपराधशास्त्र, व्यक्तित्व विकास एवं मानव व्यवहार, प्रबंधन एवं पुलिस कार्य, कानून-व्यवस्था, भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम, अपराध अनुसंधान और प्रभावी पुलिसिंग सहित अन्य विषय शामिल हैं।
इस अवसर पर उप निदेशक रामजी श्रीवास्तव, सहायक निदेशक प्रशिक्षण रश्मि पाण्डेय, सहायक निदेशक एवं प्रभारी पुलिस अधीक्षक पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय भोपाल यास्मीन जहरा, अकादमी के वरिष्ठ अधिकारी, स्टाफ तथा 45वें एवं 46वें उप पुलिस अधीक्षक बैच के प्रशिक्षु अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित