ग्रेटर नोएडा , मई 26 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के दादरी में पुलिसकर्मी से लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश को दादरी थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मंगलवार सुबह यह जानकारी दी उन्होंने बताया कि 20/21 मई की रात एक पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में अपने घर जा रहा था। इसी दौरान आरोपी रंजीत कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मी को सवारी ले जाने के बहाने कार में बैठाया और फिर उसके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही दादरी थाना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।
सोमवार को दादरी थाना पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने पेरीफेरल अंडरपास के पास चिटहरा नहर क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, जिस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी रंजीत कुमार घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत कुमार पुत्र रामसेवक निवासी ग्राम जिटोली, थाना निधौली कलां, जिला एटा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित