भोपाल , सितंबर 24 -- मध्यप्रदेश पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की पारिवारिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस पब्लिक स्कूल, नेहरू नगर में महिला पुलिसकर्मियों के छोटे बच्चों की देखभाल के लिए 60 बच्चों की क्षमता वाले नवनिर्मित 'वात्सल्य झूलाघर' (डे-केयर सेंटर) का गुरुवार को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने शुभारंभ किया। इस सुविधा से ड्यूटी के दौरान छोटे बच्चों की देखभाल को लेकर पुलिसकर्मियों को राहत मिलेगी।
पुलिस महानिदेशक मकवाणा ने कहा कि पुलिस विभाग में महिला आरक्षक, महिला उप निरीक्षक, डीएसपी सहित विभिन्न पदों पर महिलाएं अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं। पुलिस सेवा में कई बार लंबी अवधि और देर रात तक ड्यूटी करनी पड़ती है तथा त्योहारों पर भी पुलिसकर्मियों को अपने दायित्व निभाने होते हैं। ऐसे में बच्चों की उचित देखभाल की व्यवस्था जरूरी है, ताकि पुलिसकर्मी निश्चिंत होकर अपनी ड्यूटी पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
उन्होंने कहा कि झूलाघर की सुविधा से विशेष रूप से महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी पारिवारिक और व्यावसायिक जिम्मेदारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सकेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित