भिण्ड , अप्रैल 16 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले में दो चचेरे भाइयों के शव पुलिया के नीचे मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए सड़क हादसा और हत्या दोनों पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतकों की पहचान सत्येंद्र सिंह राजावत (35) निवासी भारौली और कुलदीप राजावत (40) के रूप में हुई है। दोनों युवक अकलौनी में आयोजित फलदान-लगुन कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से भिण्ड लौट रहे थे।
बताया गया है कि ऐंतहार गांव के पास रजपुरा पुलिया के नीचे उनकी बाइक गिरी हुई मिली और दोनों युवक गंभीर हालत में पड़े थे। सूचना पर पहुंची डायल-100 पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में इसे सड़क दुर्घटना माना जा रहा है, लेकिन पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। कुलदीप राजावत के खिलाफ पूर्व में आपराधिक प्रकरण दर्ज होने के कारण मामले में क्राइम एंगल से भी पड़ताल की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित