मुंबई , अप्रैल 07 -- बॉलीवुड अभिनेता पुलकित सम्राट की वेब सीरीज़ 'ग्लोरी' का टीज़र रिलीज हो गया है।
अपने पिछले किरदारों से अलग 'ग्लोरी' में पहली बार बॉक्सर के रूप में, नज़र आ रहे पुलकित सम्राट ने अपने ऑन-स्क्रीन इमेज में एक बड़ा बदलाव किया है।अपने रोमांटिक और कॉमिक किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले पुलकित इस बार एक जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन के साथ सामने आए हैं। टीज़र में दर्शकों को उनकी ज़बरदस्त फिजीक के साथ सख्त ट्रेनिंग, इमोशनल पलों और दमदार बॉक्सिंग सीक्वेंसेज़ की झलक देखने को मिली है, जो संघर्ष, जज़्बे और खुद को साबित करने की कहानी की ओर इशारा करती है।
पुलकित सम्राट ने अपने किरदार के बारे में बात करते हुए कहा, "मुझे 'ग्लोरी' की दुनिया की सच्चाई ने खींचा, जो कठिन और बेरहम है, लेकिन यही इसे खूबसूरत भी बनाती है। दरअसल यहां हर जीत मायने रखती है और हर कदम ज़रूरी है। रवि रिएक्ट नहीं करता, वो सब कुछ अपने अंदर समेटता है। वो बाहर से शांत है, लेकिन अंदर आग है उसके और उसका यही संतुलन, उसकी असली ताकत है। इस किरदार को निभाते हुए मुझे एहसास हुआ कि ग्रेटनेस बार-बार उठकर खड़े होने में है, फिर चाहे कितना भी दर्द क्यों न हो इसलिए चैंपियन वही बनते हैं, जो हर मुश्किल से गुजरते हैं। फिलहाल इस सफर के लिए आभारी हूं और ये तो बस एक झलक है।"मोहित शाह और करण अंशुमान द्वारा निर्मित और करण अंशुमान के निर्देशन में बनी सीरीज़ 'ग्लोरी' में पुलकित सम्राट के साथ दिव्येंदु शर्मा और सुविंदर विकी भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह सीरीज एक मई 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित