भोपाल , अक्टूबर 30 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर भाजपा की राजनीतिक मंशा और नैतिक प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जेफरी एप्स्टीन प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों, ईमेल और मुलाकातों के संदर्भ में पुरी का नाम सामने आने को लेकर देश के सामने स्पष्ट जवाब आना चाहिए।

पटवारी ने कहा कि सार्वजनिक रूप से सामने आई जानकारियों में वर्ष 2014 से 2017 के बीच हरदीप सिंह पुरी और जेफरी एप्स्टीन के बीच मुलाकातों तथा ईमेल संवाद का उल्लेख किया जा रहा है। उन्होंने इन मुलाकातों की परिस्थितियों और स्वरूप को लेकर भाजपा तथा पुरी से तथ्यात्मक स्पष्टीकरण देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह किसी को दोषी ठहराने का नहीं, बल्कि सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का सवाल है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वे पहले उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रदेश के एक दलित राज्यसभा सदस्य से इस्तीफा दिलवाकर सीट खाली कराई। पटवारी ने पूछा कि भाजपा ने मध्यप्रदेश के किसी नेता को उम्मीदवार बनाने के बजाय पुरी को यहां से राज्यसभा भेजने का निर्णय क्यों लिया।

पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को इस मुद्दे पर कांग्रेस के साथ सार्वजनिक मंच पर खुली बहस करने की चुनौती दी। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत द्वारा सार्वजनिक जीवन में नैतिक मूल्यों की बात किए जाने का उल्लेख करते हुए भाजपा से अपने राजनीतिक फैसलों में इन मूल्यों के पालन पर जवाब मांगा।

उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस इस निर्णय के विरोध में प्रदेश के सभी जिलों और ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन करेगी तथा भाजपा के खिलाफ पुतला दहन किया जाएगा। पटवारी ने मीडिया से भी आग्रह किया कि वह इस मामले में भाजपा से सीधे सवाल पूछे और इसे केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित न रखे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई पारदर्शिता, जवाबदेही और मध्यप्रदेश के राजनीतिक सम्मान से जुड़ी है। इस पत्रकार वार्ता में कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक और विधायक नितेंद्र राठौर भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित