अलवर , मार्च 23 -- राजस्थान में अलवर जिले के गोविन्दगढ़ थाना क्षेत्र में पुराने लेनदेन के विवाद को लेकर युवक के अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि कस्बे में हाई स्कूल के पास स्थित एक दुकान पर परचूनी का सामान लेने आए शकील नामक युवक के साथ डोमडाकी निवासी मुबीन सहित चार-पांच लोगों ने अचानक मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी उसे जबरदस्ती बंधक बनाकर अपने साथ ले गए।

घटना की जानकारी पीड़ित के परिजनों को मिली तो पीड़ित के भाई ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई। शिकायत में बताया गया कि करीब एक वर्ष पहले लेनदेन को लेकर आरोपी और उसके भाई के बीच विवाद हुआ था, जिसकी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आयी और त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को सकुशल दस्तयाब कर लिया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित