ग्वालियर , जुलाई 22 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में पुराने नोटों के बदले लाखों रुपये दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के एक चालक से 79 हजार रुपये से अधिक की ठगी कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुरार क्षेत्र के खुरैरी निवासी लोकेंद्र सिंह किरार ने शिकायत में बताया कि 11 जुलाई को इंस्टाग्राम पर पुराने नोट खरीदने संबंधी एक वीडियो देखने के बाद उन्होंने उसमें दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। सामने वाले व्यक्ति ने स्वयं को मुंबई स्थित एक कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए पुराने नोट खरीदने का दावा किया और नोटों की तस्वीरें व्हाट्सएप पर मंगवाई।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने तीन पुराने पांच रुपये के नोट और एक पुराने एक रुपये के नोट की कीमत 62 लाख रुपये बताई तथा भुगतान जारी करने से पहले प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर 550 रुपये जमा कराए। इसके बाद आरोपी ने विभिन्न बहाने बनाकर जीएसटी कार्ड, भुगतान प्रक्रिया, गेट पास और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग किश्तों में लगातार रकम जमा कराई। पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने विश्वास दिलाने के लिए नोटों की गड्डियां गिनने और पार्सल तैयार करने के वीडियो भी भेजे। इस दौरान उसने कुल मिलाकर लगभग 79 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।
बाद में आरोपी ने फोन कर दावा किया कि उसे साइबर क्राइम टीम ने पकड़ लिया है और मामला सुलझाने के लिए और पैसे भेजने होंगे। इस पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर साइबर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों, बैंक खातों, क्यूआर कोड तथा डिजिटल लेनदेन की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित