बैतूल , अक्टूबर 09 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर फायरिंग कर उसे घायल करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक नाबालिग को पिस्टल सहित अभिरक्षा में लिया है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग के विरुद्ध पहले भी हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, घटना छह अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे शहर के आजाद वार्ड स्थित मामू चौक की है। फरियादी अपने दोस्तों के साथ वहां मौजूद था, तभी पुरानी रंजिश के चलते नाबालिग वहां पहुंचा और युवक को जान से मारने की धमकी देकर फायरिंग कर दी। गोली युवक के सीने के दाहिने हिस्से में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

फरियादी की शिकायत पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 863/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने नौ अक्टूबर को नाबालिग को पिस्टल सहित अभिरक्षा में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आमजन से आपसी विवाद और पुरानी रंजिश का समाधान हिंसा के बजाय कानूनी तरीके से करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि अवैध हथियार रखना, उनका प्रदर्शन करना या उनका इस्तेमाल कर किसी को डराना गंभीर अपराध है। ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की भी अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित