कौशांबी , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि नारा गांव में रविवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर धीरेंद्र और मनोज ने अपने पड़ोसी लालचंद (25) पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक के भाई की पत्नी पार्वती की तहरीर पर मंझनपुर कोतवाली में धीरेंद्र और मनोज के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास के साथ मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित