धार , अगस्त 04 -- मध्यप्रदेश में धार शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गत 14 जुलाई को पुरानी रंजिश के चलते हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार रैदास मार्ग, बस स्टैंड निवासी ऋतिक वाघेला (22) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जुलाई की रात लगभग 10:45 बजे बस स्टैंड स्थित इमली के पेड़ के पास पुरानी रंजिश के चलते अबुल उर्फ चुचु और उसके साथियों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने लोहे की टामी से उसके सिर, सीने, पीठ और हाथों पर हमला किया, जबकि अन्य आरोपियों ने लात-घूंसों से मारपीट की। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।

पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर हत्या के प्रयास तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद नवाब उर्फ बाबू, सुल्तान खान उर्फ इरशाद, मोहम्मद अहमद उर्फ शाहिल, मोहम्मद, सलमान तथा मोहम्मद हुसैन उर्फ अल्तमस शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित