भोपाल , अगस्त 26 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब तीन बजे दो बदमाशों द्वारा फायरिंग किए जाने से इलाके में दहशत फैल गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर बदमाश फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। वारदात के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल है।

फायरिंग के बाद फरियादी अजय बैरागी शिकायत लेकर कजलीखेड़ा थाने पहुंचा। उसने आरोप लगाया कि पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय उसे थाने से वापस भेज दिया। हालांकि थाना प्रभारी पल्लवी पांडे ने पुलिस पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्राथमिकी दर्ज करने में किसी तरह की कोताही नहीं बरती गई है।

थाना प्रभारी के अनुसार फायरिंग की वारदात का आरोप बैरागढ़ चीचली निवासी जीतू यादव पर है। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। उन्होंने बताया कि फरियादी पक्ष थाने में मौजूद है और मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस सामने आए वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फायरिंग के दौरान मौके पर कितने लोग मौजूद थे और विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित