अलवर , मार्च 20 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के निकटवर्ती मातोर गांव में शुक्रवार को पुरानी रंजिश के चलते हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति लगने से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक कार में प्रमोद बदमाश अपने साथियों के साथ गांव पहुंचा और वहां वीरेंद्र राजपूत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इससे वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
सूत्रों ने बताया कि ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल वीरेंद्र को तुरंत खैरथल अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अलवर जिला अस्पताल भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह के निर्देशन में जिले भर में सख्त नाकाबंदी कर दी गई है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
वहीं भिवाड़ी के पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित