मुरैना , अगस्त 18 -- मध्यप्रदेश के मुरैना में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों ने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल युवक को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना सोमवार देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र में एमएस रोड स्थित गुफा मंदिर के पास हुई। राहुल जादौन वहां मौजूद था, तभी इरफान और शुभम पांडे वहां पहुंचे और उससे विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर दोनों ने राहुल को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
गोली लगने से घायल राहुल को घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल मुरैना जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित