अलवर , अप्रैल 26 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ में नौगांव थाना क्षेत्र में शनिवार रात पुरानी रंजिश के चलते छह से अधिक लोगों ने घर में घुस कर एक परिवार पर लाठी, फर्सी और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया जिससे कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि खरखड़ा गांव में पीड़ित रूपसिंह पुत्र जंगीर सिंह ने रविवार को नौगांव थाने में मामला दर्ज करते हुए बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे आरोपी हथियारों के साथ घर में घुस आए और हमला बोल दिया। हमले में रूपसिंह के भाई मंगत सिंह के सिर पर फर्सी से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं पिता जंगीर सिंह पर तलवार से हमला कर उन्हें भी चोटिल कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की।

घटना के बाद घायलों को नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि यह हमला उनके भूखंड पर कब्जा करने की नीयत से किया गया, जबकि उस जमीन पर पहले से स्टे लिया हुआ है।

फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और पीड़ित परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी एवं सुरक्षा की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित