सागर , मई 26 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय ने 15 वर्ष से अधिक पुरानी दो यात्री बसों का पंजीयन निरस्त कर उन्हें स्क्रैप करने के आदेश जारी किए हैं। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार दोनों बसें निर्धारित अवधि से अधिक पुरानी हो चुकी थीं।

इधर, संभागीय सुरक्षा जांच दल सागर द्वारा शहरी क्षेत्र, बहेरिया तिराहा और आरटीओ कार्यालय के समीप यात्री बसों की विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 48 यात्री बसों की जांच की गई।

जांच में छह बसों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। इनमें किराया सूची प्रदर्शित नहीं होना, अग्निशमन यंत्र की वैधता समाप्त होना, इमरजेंसी गेट का आसानी से नहीं खुलना तथा चालक और परिचालक का निर्धारित गणवेश में नहीं होना शामिल है। इन कमियों के चलते संबंधित बस संचालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 10 हजार 500 रुपए शमन शुल्क वसूला गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित