वाशिंगटन , फरवरी 13 -- अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो इस सप्ताहांत "म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन" में शामिल होने के लिए जर्मनी की यात्रा करेंगे। यह जानकारी अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अधिकारिक वेबसाइट से शुक्रवार को प्राप्त हुई।
जर्मनी की यात्रा से पहले संवाददाताओं से बातचीत में श्री रुबियो ने कहा, "दुनिया बहुत तेजी से बदल रही है। पुरानी दुनिया खत्म हो चुकी है, हम भू-राजनीति के एक नए युग में जी रहे हैं और इसके लिए हम सभी को यह फिर से सोचने की आवश्यकता है कि यह युग कैसा होगा और इसमें हमारी क्या भूमिका होगी।"श्री रुबियो ने कहा कि म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन एक महत्वपूर्ण सम्मेलन है और यह मेरा तीसरा सम्मेलन है, जिसमें दूसरी बार मैं विदेश मंत्री के रूप में भाग ले रहा हूं। यहां अमेरिकी कांग्रेस के कई सदस्य भी शामिल रहेंगे।
यूरोपीय देशों से कटुता कम करने संबंधित सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हमने अपने कई सहयोगियों के साथ निजी तौर पर इस बारे में कई बार बातचीत की है, वे हमारे सहयोगी हैं और हमें इस तरह की बातचीत जारी रखनी चाहिए। शनिवार को, मुझे लगता है एवं उम्मीद है वहां होने वाली बैठकें हमें उस दिशा में आगे बढ़ाएंगी।
ग्रीनलैंड के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुझे पूरा यकीन है कि इस मामले को कोई न कोई जरूर उठाएगा, हम इस पर काम कर रहे हैं और हमें इस बारे में अच्छा लग रहा है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से मुलाकात के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि वह वहां होंगे और उनसे मिलने का अवसर है। मैं पूरी तरह से निश्चित नहीं हूं लेकिन मुझे यकीन है कि हम उनसे मिलेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित