अंबाला , अगस्त 22 -- हरियाणा के अंबाला सिटी शहर की पुरानी कपड़ा मार्केट और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में अतिक्रमण की समस्या दोबारा गंभीर हो गई है। दो दिन पहले पुलिस और नगर निगम की टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर सड़क से रेहड़ी-फड़ी वालों के कब्जे हटाए थे और दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी थी।
इसके बावजूद शनिवार को बाजार में हालात जस के तस नजर आए। दिनभर जाम की स्थिति बनी रही और रेहड़ी-फड़ी वालों ने फिर सड़क किनारे कब्जा जमा लिया। पुरानी कपड़ा मार्केट, शुक्ल कुंड रोड, अग्रसेन चौक और रेलवे रोड पर अतिक्रमण के कारण करीब 30 फीट चौड़ी सड़क कई स्थानों पर सिमटकर पांच फीट तक रह गई। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को भी निकलने में परेशानी हुई। खरीदारी के लिए आए लोगों ने जगह-जगह वाहन खड़े कर दिए, जिससे समस्या और बढ़ गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित