बैतूल , जुलाई 23 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले करीब 85 दुकानदारों के पुनर्वास के लिए न्यू मार्केट में स्थान आवंटित किए जाने के बावजूद प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण नहीं हट पाया है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका ने सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से सड़क किनारे लगी गुमठियों को हटाकर अभिनंदन सरोवर के पीछे विकसित न्यू मार्केट में लगभग 85 दुकानदारों को स्थान उपलब्ध कराया था। निर्धारित राशि जमा कराने के बाद वहां गुमठियां स्थापित कराई गईं। इनमें से लगभग 50 दुकानदार न्यू मार्केट में व्यवसाय कर रहे हैं, लेकिन कई दुकानदार अब भी पुराने स्थानों पर सड़क किनारे दुकानें संचालित कर रहे हैं।
कोठीबाजार पेट्रोल पंप से बस स्टैंड तक का मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है। इस सड़क से प्रतिदिन लगभग 500 यात्री बसों सहित हजारों दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। नगर पालिका द्वारा यहां डिवाइडरयुक्त दो-लेन सड़क और कवर्ड नाली का निर्माण कराया गया था, लेकिन सड़क किनारे बची जगह पर कुछ लोगों ने फिर से शेड बनाकर दुकानें संचालित करना शुरू कर दिया है।
बताया गया है कि कई दुकानदार अपना सामान सड़क तक फैला देते हैं, जबकि ग्राहक भी अपने वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं। इससे बसों और अन्य बड़े वाहनों के आवागमन में कठिनाई होती है तथा जाम और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
बस स्टैंड से लल्ली चौक तक तथा ज्योति टॉकीज क्षेत्र में भी इसी प्रकार की स्थिति बनी हुई है। सड़क तक फैले सामान और सड़क पर खड़े वाहनों के कारण मार्ग की प्रभावी चौड़ाई कम हो रही है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) नवनीत पांडेय ने कहा है कि सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए शीघ्र अभियान चलाया जाएगा। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि पुनर्वास की व्यवस्था होने के बाद पुराने स्थानों से भी अतिक्रमण हटाया जाए, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित