पटना , मई 27 -- बिहार में पटना साहिब मंडल अंतर्गत पुनपुन उप डाकघर के नये भवन का लोकार्पण बुधवार को महेश्वरी मार्केट, ब्लॉक रोड स्थित नये परिसर में किया गया। अब यहां डाक एवं बैंकिंग सेवाओं के साथ आधार नामांकन और अपडेट की सुविधा भी शुरू कर दी गई है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली है।पुनपुन उप डाकघर, जो पहले शिवनगर स्थित सकरैचा पंचायत में संचालित था, अब पुनपुन मुख्य बाजार के समीप महेश्वरी मार्केट, ब्लॉक रोड, पुनपुन व्यापार मंडल समिति के सामने तथा पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय के नजदीक स्थानांतरित कर दिया गया है। पुराने स्थान के मुख्य आबादी से दूर होने के कारण लोगों को डाक सेवाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
नये भवन में अब डाक सेवाओं के साथ आधार सेवा भी शुरू कर दी गई है। यहां 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों का नया आधार नामांकन निःशुल्क किया जा रहा है। इसके अलावा मोबाइल नंबर अपडेट, बायोमेट्रिक अपडेट, फोटो एवं अन्य सुधार संबंधी सेवाएं निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे अब ग्रामीणों को आधार से जुड़े कार्यों के लिए पटना नहीं जाना पड़ेगा।
इस अवसर पर डाक अधीक्षक, पटना साहिब मंडलअनिल कुमार ने पुनपुन उप डाकघर के अंतर्गत आने वाले 19 शाखा डाकघरों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि "डाक सेवा जन सेवा" के तहत ग्राहकों को त्वरित, पारदर्शी एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।उन्होंने बताया कि डाक विभाग द्वारा सुकन्या समृद्धि योजना, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, डाक जीवन बीमा वरिष्ठ नागरिक बचत योजना, आवर्ती जमा एवं सावधि जमा जैसी विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
डाक अधीक्षक ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से सेवाओं को अधिक सुलभ, विश्वसनीय एवं ग्राहक-हितैषी बनाने की दिशा में विभाग लगातार कार्य कर रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में सहायक डाक अधीक्षक पटना सिटी अनुमंडल उमा शंकर कुमार, सहायक डाक अधीक्षक बाढ़ अनुमंडल संजीव सुमन झा, निरीक्षक डाकघर लोहिया नगर अनुमंडल विमल दीप कुमार, उपडाकपाल ध्रुव कुमार तथा डाक सहायक बिनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित