, March 16 -- पुडुचेरी के मुख्य चुनाव अधिकारी पी जवाहर ने बताया कि नौ अप्रैल मतदान के दिन अनुमानित 9.48 लाख मतदाताओं के अपने मताधिकार का प्रयोग करने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि 15 मार्च तक की अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, कुल मतदाताओं की संख्या 9,48,977 है। इनमें पुरुष मतदाता 4,45,761, महिला मतदाता 5,03,076 और तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या 140 है। इसमें 1,665 अनिवासी भारतीय (एनआरआई) मतदाता (पुरुष 1,326, महिला 339) और 327 सर्विस वोटर (पुरुष 305, महिला 22) शामिल हैं। कुल 13,802 दिव्यांग (पीडब्लूडी) मतदाता (पुरुष 7,478, महिला 6,323 और तृतीय लिंग एक) हैं।
मतदान के लिये कुल 1,099 मतदान केंद्र बनाये जायेंगे और प्रत्येक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1,200 मतदाता होंगे। उन्होंने कहा कि 30 'महिला मतदान केंद्र' स्थापित किये जायेंगे। इनका प्रबंधन भी महिला सरकारी कर्मचारी ही करेंगी। इसके साथ ही पांच 'युवा प्रबंधित मतदान केंद्र' (3 पुडुचेरी जिले में और 2 कराईकल जिले में) स्थापित किये जायेंगे, जिनका प्रबंधन युवा सरकारी कर्मचारी करेंगे।
पुडुचेरी और कराईकल के प्रत्येक जिले में दो 'विशिष्ट मतदान केंद्र' स्थापित किए जायेंगे। पुडुचेरी में वीओसी गवर्नमेंट बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल को विशिष्ट मतदान केंद्र के रूप में चिह्नित किया गया है। वहीं कराईकल में 'थंथई पेरियार स्कूल' को इसकी फ्रांसीसी-तमिल वास्तुकला विरासत और हाल ही में किये गये इसके जीर्णोद्धार/पुनर्विकास के कारण विशिष्ट मतदान केंद्र के रूप में चुना गया है।
यह सुनिश्चित किया गया है कि सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं जैसे पर्याप्त फर्नीचर, सहायता डेस्क, बिजली और उचित रोशनी, रैंप की व्यवस्था, उचित संकेत बोर्ड, शौचालय, पीने के पानी की सुविधा, छाया और पहुंच मार्ग आदि प्रदान किये जायें।
जो मतदाता चलने फिरने में असमर्थ हैं उनके लिए व्हीलचेयर, ,मूक - बधिरों और दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए विशेष शिक्षा प्राप्त प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को चुनिंदा बूथों पर तैनात किया जायेगा। दृष्टिबाधित मतदाताओं के उपयोग के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर ब्रेल मतपत्र रखे जायेंगे और यदि वे चाहें तो अपने साथ एक साथी को ले जा सकते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि चुनाव ड्यूटी में कुल 4,934 कर्मचारी शामिल होंगे। श्री जवाहर ने कहा कि पर्याप्त मात्रा में ईवीएम और वीवीपीएटी उपलब्ध हैं और सभी मतदान केंद्रों पर इनका उपयोग किया जाएगा। राजनीतिक दलों की उपस्थिति में ईवीएम/वीवीपीएटी की 'प्रथम स्तर की जांच' पहले ही की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि पुडुचेरी के 5,410 पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात किये जायेंगे। पुलिस विभाग, जिला चुनाव अधिकारियों के समन्वय से सभी मतदान केंद्रों पर बंदोबस्त की व्यवस्था करेगा। करीब 321 संवेदनशील क्षेत्रों की अस्थायी रूप से पहचान की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित