मॉस्को , अक्टूबर 22 -- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को संसद के निचले सदन स्टेट ड्यूमा की मंजूरी के बाद मंत्रिमंडल के पांच नये सदस्यों की नियुक्ति संबंधी आदेशों पर हस्ताक्षर किये।

रूसी राष्ट्रपति के आधिकारिक मुख्यालय क्रेमलिन ने यह जानकारी दी।

मंत्रिमंडल में फेरबदल के तहत एंटोन सिलुआनोव को उपप्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री, आंद्रेई निकितिन को उपप्रधानमंत्री, इरीना ओक्लादनिकोवा को उपप्रधानमंत्री एवं सरकारी कार्यालय का प्रमुख, ओलेग कोझेम्याको को उपप्रधानमंत्री एवं सुदूर पूर्वी संघीय जिले में राष्ट्रपति का प्रतिनिधि और दिमित्री याड्रोव को परिवहन मंत्री नियुक्त किया गया है।

इस पुनर्गठन के तहत उपप्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री का नया संयुक्त पद बनाया गया है। इससे उपप्रधानमंत्रियों की संख्या 10 से बढ़कर 11 हो गयी है।

श्री सिलुआनोव दिसंबर 2011 से वित्त मंत्रालय का नेतृत्व कर रहे थे। फेरबदल के तहत उन्हें उनके पिछले मंत्री पद से मुक्त किया गया। श्री पुतिन ने दिमित्री ग्रिगोरेंको को उपप्रधानमंत्री एवं सरकारी कार्यालय के प्रमुख के पद से भी हटा दिया।

रूस के प्रमुख बैंक स्बेरबैंक ने कहा कि उसका पर्यवेक्षी बोर्ड 10 नवंबर को श्री ग्रिगोरेंको को उपाध्यक्ष नियुक्त करने के प्रस्ताव पर विचार करेगा। बैंक के अनुसार, वह सरकार और क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ डिजिटलीकरण तथा सार्वजनिक क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस्तेमाल सहित रणनीतिक परियोजनाओं की देखरेख कर सकते हैं।

यूरी ट्रुटनेव को उपप्रधानमंत्री और सुदूर पूर्वी संघीय जिले में राष्ट्रपति के प्रतिनिधि के पदों से हटाकर राष्ट्रपति का सहायक नियुक्त किया गया है।

श्री निकितिन जुलाई 2025 से परिवहन मंत्री के रूप में कार्यरत थे। श्री याड्रोव सितंबर 2023 से रूस की संघीय हवाई परिवहन एजेंसी 'रोसावियात्सिया' का नेतृत्व कर रहे थे।

श्रीमती ओक्लादनिकोवा इससे पहले वित्त मंत्रालय में प्रथम उपमंत्री थीं, जबकि श्री कोझेम्याको प्रिमोर्स्की क्राय के गवर्नर थे। अपने राजनीतिक करियर के दौरान वह रूस के सुदूर पूर्व के तीन अन्य क्षेत्रों का भी नेतृत्व कर चुके हैं।

सरकार की प्रेस सेवा के अनुसार, पुनर्गठित मंत्रिमंडल की पहली बैठक गुरुवार को निर्धारित थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित